लखनऊ

हुक्मरान समाज’ बनने के अभियान में जुटे बहुजन समाज

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने रविवार को कहा कि बहुजन समाज आजादी के 75 वर्षों में अपने कानूनी और संवैधानिक अधिकार मांगते-मांगते थक गया है और अब उसे पूरी ताकत के साथ ‘हुक्मरान समाज’ बनने के अभियान में जुटना होगा। मायावती ने बसपा संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर किए गए सिलसिलेवार ट्वीट में यह बात कही। उन्होंने लिखा कि बहुजन समाज आजादी के बाद 75 वर्षों में अपना कानूनी व संवैधानिक हक मांगते-मांगते थक गया है। अब उसे पूरी ताकत के साथ ‘हुक्मरान समाज’ बनने के अभियान में जुट जाना होगा।

उन्होंने यह साफ किया कि उत्तर प्रदेश में होने वाला अगला कोई भी चुनाव आपके लिए परीक्षा हो सकता है, जिसमें सफलता उम्मीद की नयी किरण साबित होगी। मायावती ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “देशभर, खासकर उत्तर प्रदेश, के लोगों ने यहां चार बार अपनी पार्टी की सत्ता प्राप्त करके यह देख लिया है कि सत्ता वह मास्टर चाबी है, जिससे तरक्की के बंद दरवाजे खुल सकते हैं, इसीलिए यह अभियान हर कीमत पर जरूर जारी रहना चाहिए। यही आज के दिन का संदेश है और इसी संकल्प के साथ कार्य भी करना है।” बसपा अध्यक्ष ने कांशीराम को श्रद्धांजलि देते हुए एक अन्य ट्वीट में कहा, “बहुजन समाज को राजनीतिक शक्ति में उत्थान कर ‘हुक्मरान समाज’ बनाने के लिए बामसेफ, डीएस-4 और बहुजन समाज पार्टी के जन्मदाता व संस्थापक मान्यवर श्री कांशीराम जी को आज उनकी पुण्यतिथि पर नमन व अपार श्रद्धा-सुमन अर्पित। उन्हें नमन कर रहे उनके सभी अनुयायियों का तहेदिल से आभार।”इस बीच, राज्य की राजधानी में बसपा कार्यालय के पास पार्टी कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग लगाया था जिसमें बसपा प्रमुख मायावती को लौह महिला कहा गया है। संपर्क करने पर, बसपा एमएलसी भीमराव अंबेडकर ने कहा कि बहनजी (मायावती) ने पहली बार मुख्यमंत्री बनने पर आपराधिक तत्वों से मजबूती से निपटने के बाद (लौह महिला) खिताब अर्जित किया था।

JAN EXPRESS

जन एक्सप्रेस न्यूज़ – सच दिखाने की ज़िद हमारा उद्देश्य है आपको सही और निष्पक्ष खबरों से जोड़ना। जन एक्सप्रेस न्यूज़ यूट्यूब चैनल पर आप पाएंगे ताजा खबरें, विशेष रिपोर्ट, और सामाजिक मुद्दों पर गहन विश्लेषण। यहां हर खबर को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पेश किया जाता है। हम आपकी आवाज़ को बुलंद करने और समाज के हर कोने से जुड़ी सच्चाई को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। राजनीति, समाज, शिक्षा, और मनोरंजन से जुड़ी हर खबर के लिए जुड़े रहें जन एक्सप्रेस न्यूज़ के साथ। 📢 सच दिखाने की ज़िद, हर सच के साथ! सब्सक्राइब करें और हर खबर से अपडेट रहें।
Back to top button