एकजुट व्यापारी, सशक्त व्यापार: महराजगंज में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

जन एक्सप्रेस /महाराजगंज।महाराजगंज नगर स्थित एक मैरेज हाल में रविवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का भव्य सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों व्यापारियों ने एकजुट होकर संगठन की शक्ति और एकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।सम्मेलन में संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष श लोकेश अग्रवाल के आगमन पर व्यापारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सोनौली, सिसवा, नौतनवा, कोल्हुई, ठूठीबारी, बहादुरी बाजार, भिटौली सहित जिले के विभिन्न नगरों और कस्बों से आए व्यापारियों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच गाड़ियों के काफिले के साथ नगर भ्रमण किया। सम्मेलन के दौरान व्यापारियों की ज्वलंत समस्याओं, व्यापारिक सुरक्षा, टैक्स से जुड़े विषयों, प्रशासनिक सहयोग तथा संगठन की मजबूती को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान संगठन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई। सभी व्यापारियों ने एकजुट रहकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। अपने संबोधन में प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है। जब व्यापारी संगठित होंगे, तभी उनकी आवाज सरकार और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी।उन्होंने आश्वासन दिया कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल हर परिस्थिति में व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगा।उन्होंने कहा कि संगठन केवल समस्याओं को उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके स्थायी समाधान के लिए निरंतर प्रयास करता है। सम्मेलन में उपस्थित व्यापारियों ने संगठन के प्रति पूर्ण आस्था व्यक्त करते हुए भविष्य में और अधिक मजबूती से साथ चलने का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, पदाधिकारियों तथा दूर-दराज से आए व्यापारियों का आभार व्यक्त किया गया। सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़ और सक्रिय सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि महाराजगंज का व्यापारी वर्ग संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।






