जिलाधिकारी अनुनय झा का कलेक्ट्रेट में औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

जन एक्सप्रेस/हरदोई: जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संग्रह अनुभाग एवं शस्त्र अनुभाग सहित अन्य पटलों का सघन अवलोकन किया।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान पत्रावलियों के रखरखाव, रिकॉर्ड रूम की स्थिति तथा कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनमानस की शिकायतों एवं आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए, बल्कि उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने पत्रावलियों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने तथा कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में शिथिलता या लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के अवसर पर एडीएम (वि/रा) प्रियंका सिंह, एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अरुणिमा श्रीवास्तव, पूनम भास्कर एवं प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम उपस्थित रहीं।







