जिलाधिकारी ने किया रामायण गैलरी का निरीक्षण, बोले – “श्रद्धालुओं को मिलेगा ज्ञानवर्धक अनुभव
904.16 लाख रुपये की लागत से बनी रामायण गैलरी आधुनिक तकनीक से कराएगी रामायण काल के प्रसंगों का अनुभव, जिलाधिकारी ने रखरखाव और प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए

जन एक्सप्रेस चित्रकूट:जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने रविवार को परिक्रमा मार्ग स्थित रामायण गैलरी का निरीक्षण किया। यह गैलरी 904.16 लाख रुपये की लागत से स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत रामायण सर्किट के तहत विकसित की गई है। इस परियोजना को 22 मार्च 2018 को पर्यटन मंत्रालय द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई थी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि रामायण गैलरी श्रद्धालुओं के लिए रामायण काल की घटनाओं और भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित करती है।
उन्होंने कहा कि यह पहल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक अनोखा और ज्ञानवर्धक अनुभव प्रदान करेगी, जो उन्हें भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से जोड़ने में सहायक होगी। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गैलरी की साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके प्रचार-प्रसार को तेज किया जाए, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक यहाँ की सुंदरता और ऐतिहासिकता से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि आगामी मेलों और महोत्सवों के दौरान इस गैलरी को विशेष रूप से आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया जाए, जिससे यह चित्रकूट पर्यटन का प्रमुख आकर्षण केंद्र बने।जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नया आयाम देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को भी सशक्त बनाती हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि रामायण गैलरी न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगी, बल्कि चित्रकूट की पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।






