जेल में दीवाली : कारागार में बंदियों ने हर्षोल्लास से मनाया दीपावली का त्योहार

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: जेल में बंदियों ने दीपावली का पावन पर्व हर्षोल्लास एवं पारम्परिक तरीके से मनाया। जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी ने बताया है कि दीपावली के त्योहार हर्ष एवं उत्साह से मनाने के लिए समुचति व्यवस्था उपलब्ध करायी गयी ताकि चाहरदीवारी के अन्दर रहते हुए भी अपनों से दूर रहने का एहसास कम से कम हो। प्रत्येक बैरक के लिए मिट्टी के लगभग दो हजार दीये की व्यवस्था करायी गयी। बंदियों द्वारा प्रत्येक अहाते में रंग बिरंगी रंगोली बनायी गयी तथा अहातों को दीप व मोमबत्तियों से रौशन किया, जिसमें कारागार के सभी बंदियों ने भाग लिया। बंदियों में मिष्ठान वितरित करने के साथ ही बाल कारागार में बंदियों को भी मिष्ठान वितरित किया गया। जेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बंदियों के साथ मिलकर दीपावली का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मानाया गया। दीपावली के इस पावन पर्व पर अधीक्षक द्वारा बंदियों को संदेश दिया गया कि दीपावली केवल उत्सव नहीं बल्कि आत्मज्योति को प्रज्वलित करने का अवसर है। प्रत्येक दीपक यह प्रेरणा देता है कि चाहे परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हो, एक छोटी सी रोशनी भी अंधकार मिटा सकती है।






