उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

डीएम व एसपी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण,राहत एवं बचाव कार्यों के क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश

‎बाढ़ से हुई क्षति का आंकलन कराते हुए प्रभावित परिवारों को अनुमन्य मुआवजा राशि शीघ्रता से वितरित कराए जाने के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/हरदोई :-  डीएम अनुनय झा एवं एसपी अशोक कुमार मीणा द्वारा संयुक्त रूप से तहसील बिलग्राम के अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्रामों तिलमई खेड़ा और मालवा अखवेलपुर का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ की वर्तमान स्थिति, जलस्तर एवं ग्रामीणों को हो रही कठिनाइयों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपस्थित एसडीएम, तहसीलदार एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ के दृष्टिगत राहत एवं बचाव कार्यों का प्रभावी एवं तत्परता से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बाढ़ से हुई फसल क्षति, गृह क्षति एवं अन्य क्षति का त्वरित आंकलन राजस्व टीम द्वारा कराया जाए। आंकलन पूर्ण होते ही पात्र प्रभावित परिवारों को अनुमन्य मुआवजा राशि शीघ्रता से वितरित कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

‎भ्रमण के दौरान डीएम व एसपी द्वारा प्राथमिक विद्यालय तिलमई खेड़ा में स्थापित बाढ़ चौकी/बाढ़ शरणालय का निरीक्षण किया गया। शरणालय में रह रहे लोगों से जिलाधिकारी ने सीधे संवाद कर उनकी परेशानियों, भोजन, पेयजल, शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था आदि की जानकारी ली। उपलब्ध सुविधाओं के विषय में पूछा और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शरणालय में रह रहे प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ सभी मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने बाढ़ शरणालय में लगाए गए चिकित्सा शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों से दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की संख्या एवं सामान्य बीमारियों के संबंध में जानकारी ली।डीएम ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सर्पदंश, बुखार, डायरिया, त्वचा रोग आदि की दवाओं की समुचित एवं पर्याप्त उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखी जाए तथा चिकित्सकों की टीम निरंतर सक्रिय रहे।

डीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन आपकी सेवा में सदैव तत्पर है। घबराने की आवश्यकता नहीं है, प्रशासन हर कदम पर आपके साथ है। अंत में डीएम एवं एसपी द्वारा बाढ़ शरणालय में उपस्थित बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को फल, बिस्किट इत्यादि का वितरण किया गया तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। निरीक्षण के दौरान एसपी अशोक कुमार मीणा ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।‎निरीक्षण के दौरान एसडीएम बिलग्राम सहित राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button