हरदोई में डीएम अनुनय झा ने चकबंदी कार्यों की समीक्षा की, पांच साल पुराने वादों के निस्तारण के निर्देश

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में चकबंदी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रहे चकबंदी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चकबंदी अभिलेखों का नियमित सत्यापन करने और सभी कार्य शासन की मंशा एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से पांच वर्ष से लंबित चकबंदी वादों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में पूरी सावधानी बरती जाए और सभी संबंधित पक्षों को निष्पक्ष सुनवाई का उचित अवसर दिया जाए।
अनुनय झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चकबंदी कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि चकबंदी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।
बैठक में एसओसी, जॉइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया, चकबंदी अधिकारी शकील अहमद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






