
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जौनपुर क्षेत्र के भ्रमण के दौरान रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने देवलसारी स्थित प्राचीन कोणेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद तेवा, बंगसील, ओन्तण, बुडकोट, पुजाल्डी और मोलघार सहित विभिन्न गांवों का निरीक्षण कर संचालित होमस्टे योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने होमस्टे संचालकों एवं लाभार्थियों से संवाद कर पर्यटन और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा की।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने थत्यूड़-देवलसारी एवं थत्यूड़-किन्सू मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, डामरीकरण, नागटिब्बा-देवलसारी पैदल ट्रैक के सुधार, देवलसारी मंदिर तक पहुंच मार्ग के निर्माण, संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण तथा ककूड़-सिर्वा मोटर मार्ग की मरम्मत एवं नाली निर्माण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर ठोस कार्ययोजना बनाकर समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के तहत खुशी स्वायत्त सहकारिता, खेड़ा में स्थापित फूड बैंक का उद्घाटन भी किया। ग्राम पंचायत ठिक्क में ग्रामीणों से संवाद करते हुए किन्सू, उडारसू और दुगड्डा तोकों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने विद्यालय को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग भी रखी।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने धनोल्टी और कद्दूखाल में निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर प्रमुख जौनपुर सीता पंवार, डीडीओ मो. असलम, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेन्द्र कुमार टम्टा, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।




