अनाधिकृत स्कूल वाहनों पर शिकंजा: पूरनपुर व बीसलपुर में एक-एक वाहन सीज
दो चालान परिवहन विभाग का अभियान जारी, एआरटीओ और मालकर अधिकारी ने की सघन चेकिंग

जन एक्सप्रेस पीलीभीत। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश व जिला सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों के अनुपालन में अनाधिकृत स्कूल वाहनों के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को पूरनपुर और बीसलपुर क्षेत्रों में परिवहन विभाग की टीमों ने स्कूल वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए चार वाहनों पर कार्रवाई की गई।
पूरनपुर क्षेत्र में एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने चेकिंग अभियान चलाते हुए एक अनधिकृत वाहन को पकड़ा, जिसे सीज कर दिया गया। वहीं एक अन्य वाहन जो स्कूली बच्चों को ढोते पाया गया, उसके विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण, फिटनेस और मानक सुरक्षा उपकरणों के स्कूल वाहन चलाना बच्चों की जान जोखिम में डालने के समान है।
उधर, बीसलपुर क्षेत्र में यात्रीकर/मालकर अधिकारी बर्डीस चतुर्वेदी ने अभियान चलाकर एक अनाधिकृत वाहन को सीज किया तथा एक अन्य वाहन का चालान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में इस तरह की चेकिंग लगातार जारी रहेगी।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने सभी स्कूल संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अधिकृत और सुरक्षित वाहनों से ही बच्चों का परिवहन सुनिश्चित कराएं। साथ ही, उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे स्वयं भी इस विषय में जागरूक रहें और बच्चों को असुरक्षित निजी वाहनों में भेजने से परहेज करें।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से अनाधिकृत स्कूल वाहन चालकों में हड़कंप है, वहीं अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर इस अभियान की सराहना की है।






