श्री नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज नहोरा में पेरेंट्स मीटिंग का आयोजन

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : श्री नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज, नहोरा में अभिभावकों और विद्यालय के शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पेरेंट्स मीटिंग का आयोजन किया गया। इस बैठक में बड़ी संख्या में गार्जियन उपस्थित रहे, जहां बच्चों की पढ़ाई और अनुशासन को लेकर गंभीर चर्चा हुई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज चौबे ने पेरेंट्स को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा की ज़िम्मेदारी केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि अभिभावकों की भी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर बच्चे घर पर पढ़ाई नहीं कर रहे हैं, तो यह अभिभावकों की भी ज़िम्मेदारी बनती है कि वे बच्चों से पूछें कि स्कूल में क्या पढ़ाया जा रहा है और घर पर भी उन्हें समय दें।
प्रधानाचार्य ने कहा, “हम विद्यालय में बच्चों को पूरी मेहनत और लगन से पढ़ा रहे हैं, लेकिन बच्चों की प्रगति के लिए जरूरी है कि घर पर भी उन पर नजर रखी जाए। जो छात्र किसी विषय में कमजोर हैं, वे निःसंकोच अपने क्लास टीचर से मदद मांग सकते हैं।”
मीटिंग का संचालन करते हुए वरिष्ठ अध्यापक अरविंद सिंह ने गार्जियनों को संबोधित किया और कहा कि बच्चों के मन में पढ़ाई के प्रति रुचि और लगन तभी विकसित हो सकती है जब उन्हें विद्यालय और घर दोनों स्थानों पर सकारात्मक माहौल मिले। उन्होंने कहा कि “अभिभावकों को चाहिए कि वे समय-समय पर अपने बच्चों से उनकी पढ़ाई, प्रगति और व्यवहार की जानकारी लेते रहें।”
शिक्षकों और गार्जियनों की यह सहभागिता विद्यालय के छात्रों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाएगी, इस उम्मीद के साथ पेरेंट्स मीटिंग का समापन हुआ।






