उत्तराखंड

गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा — जिलाधिकारी का कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश

जन एक्सप्रेस/उत्तराखंड: जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भटगांई ने आज चंडाक–मोस्टमानू में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच हेतु लैब में भेजने के निर्देश दिए तथा कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि सामग्री के लैब-टेस्टेड प्रमाणपत्र कार्यालय में प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने कहा कि केवल उच्च गुणवत्ता का प्रमाण-पत्र मिलने के बाद ही सामग्री का उपयोग किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चंडाक–मोस्टमानू सड़क की खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के उपस्थित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सड़क का शीघ्र सुधारीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मौके से ही जिलाधिकारी ने लोनिवि के प्रमुख अभियंता (HOD) से वार्ता कर विभागीय अधिकारियों की कार्य के प्रति लापरवाही पर नाराज़गी जताई। साथ ही, उन्होंने अधीक्षण अभियंता से भी बात कर सड़क को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए ताकि जनता को इस परेशानी से निजात मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कों की खराब गुणवत्ता और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान तहसीलदार सदर विजय गोस्वामी, लो. नि. वि. के अधिशासी अभियंता सहित मेडिकल कालेज निर्माण कर रही संस्थान के अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button