उत्तर प्रदेशउत्तराखंडरुद्रपुर

ध्रुव मुंजाल निर्विरोध बने उत्तराखंड हॉकी संघ के अध्यक्ष, खेल क्षेत्र में युवाओं को मिला नया नेतृत्व

जन एक्सप्रेस/ रुद्रपुर: रुद्रपुर के उद्योगपति और युवा खिलाड़ी ध्रुव मुंजाल को निर्विरोध रूप से उत्तराखंड हॉकी संघ का अध्यक्ष चुना गया है। यह नियुक्ति न सिर्फ राज्य की हॉकी को नई दिशा देने की उम्मीद जगाती है, बल्कि युवा नेतृत्व को भी आगे लाने का संकेत है। ध्रुव मुंजाल RS ग्रुप ऑफ कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर होने के साथ-साथ एक सक्रिय खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने बीते वर्ष एमेनीटी स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में अपनी टीम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।

ध्रुव की ताजपोशी को लेकर खेल जगत में खुशी की लहर है। उनकी सक्रिय भागीदारी और खेलों के प्रति समर्पण को देखते हुए कई दिग्गजों ने इस निर्णय को “वक्त की जरूरत” बताया है। साथ ही उन्हें उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति में भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

राज्य ओलंपिक एसोसिएशन में भी नए चेहरे, अनुभवी नेताओं को फिर जिम्मेदारी

आज रुद्रपुर में आयोजित उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा में आगामी चार वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का गठन हुआ। इसमें कई अनुभवी और युवा खेल प्रेमियों को संगठन में अहम पद सौंपे गए।

महेश नेगी (पूर्व विधायक, द्वाराहाट) को एक बार फिर एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया।

डॉ. डी.के. सिंह को भी दोबारा महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस चुनाव प्रक्रिया में भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निर्देशन में चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ।

राज्य में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा

चुनाव के बाद महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि नई कार्यकारिणी से यह उम्मीद की जा रही है कि वह राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाएगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारने और खेल के अवसरों को बढ़ाने के लिए एसोसिएशन को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button