टिहरी में प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित, 13 अगस्त तक दर्ज कराएं दावे और आपत्तियां

जन एक्सप्रेस/नई टिहरी :- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के तहत टिहरी जिले की सभी छह विधानसभा सीटों की प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित कर दी गई है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने दी।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को जिले के सभी मतदान स्थलों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) कार्यालयों में मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है।
जिले में कुल 4.63 लाख मतदाता
प्रारूप निर्वाचक नामावली के अनुसार टिहरी जिले में कुल 4,63,628 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें—
- पुरुष मतदाता: 2,41,352
- महिला मतदाता: 2,22,272
- तृतीय लिंग मतदाता: 4
जिले में कुल 994 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
विधानसभावार मतदाता
- घनसाली (अ.जा.) – 161 मतदान स्थल, 85,081 मतदाता
- देवप्रयाग – 158 मतदान स्थल, 75,437 मतदाता
- नरेन्द्रनगर – 175 मतदान स्थल, 79,199 मतदाता
- प्रतापनगर – 153 मतदान स्थल, 74,237 मतदाता
- टिहरी – 156 मतदान स्थल, 66,877 मतदाता
- धनोल्टी – 191 मतदान स्थल, 82,797 मतदाता
13 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में नागरिक अपने नाम से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट, भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से भी अपने नाम का सत्यापन कर सकते हैं।
इन प्रपत्रों का करें उपयोग
- प्रपत्र-6: नया नाम जोड़ने के लिए
- प्रपत्र-7: नाम हटाने या आपत्ति दर्ज करने के लिए
- प्रपत्र-8: नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए
महत्वपूर्ण तिथियां
- दावे एवं आपत्तियां: 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026
- निस्तारण: 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026
- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 15 सितंबर 2026
अग्रिम आवेदन की भी सुविधा
जिलाधिकारी ने बताया कि जो नागरिक 1 अक्टूबर 2026 या 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे, वे भी अग्रिम रूप से प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उनके आवेदन का निस्तारण संबंधित अर्हता तिथि के अनुसार किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के टोल फ्री नंबर 01376-1950 या 01376-232164 पर संपर्क किया जा सकता है।





