डोईवालादेहरादून

कांवड़ यात्रा में हाथी का तांडव: भंडारे में मचाया कोहराम

ट्रॉलियां पलटीं, बाल-बाल बचे श्रद्धालु

जन एक्सप्रेस/ डोईवाला :  लच्छीवाला रेंज अंतर्गत देहरादून मार्ग पर स्थित मणि माई मंदिर के समीप शनिवार रात कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। मंदिर के पीछे जंगल से निकलकर सड़क पार करने आए हाथियों के झुंड ने कांवड़ियों द्वारा तेज आवाज में बजाए जा रहे साउंड सिस्टम और शोरगुल से परेशान होकर हमला कर दिया। क्रोधित हाथियों ने मौके पर खड़ी दो ट्रॉलियों को पलट दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हाथी पंडाल के भीतर नहीं घुसे, अन्यथा कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।

वीडियो बनाते रहे कांवड़िये, भड़के हाथी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:30 बजे एक नर और मादा हाथी अपने शावक के साथ जंगल से निकलकर सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे। उसी वक्त भंडारे में तेज म्यूजिक और भीड़-भाड़ के कारण हाथी चिंघाड़ते हुए उग्र हो उठे। कांवड़ियों द्वारा हाथियों को चिढ़ाना और मोबाइल से वीडियो बनाना आग में घी का काम कर गया। गुस्साए हाथियों ने ट्रॉलियों को पलट दिया और मौके पर भगदड़ मच गई।

वन विभाग और पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम दरोगा पूरन सिंह रावत के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और तुरंत पंडाल को खाली कराया गया। हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए बम पटाखों का इस्तेमाल किया गया। रात्रि गश्त भी तेज कर दी गई है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और मार्ग पर लगने वाले जाम को तुरंत हटाया।

वन विभाग की चेतावनी: जंगल क्षेत्र में न रुकें कांवड़िये
वन विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांवड़िये जंगल क्षेत्र में न रुकें और लाउडस्पीकर या अन्य शोर वाले उपकरणों का उपयोग न करें, जिससे वन्य जीवों को कोई खतरा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button