utrakhandउत्तरकाशी

मुनस्यारी में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े की शुरुआत, पहले दिन 571 मरीजों ने लिया निशुल्क उपचार का लाभ

जन एक्सप्रेस /मुनस्यारी::- दूरस्थ सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार से तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन 571 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और विभिन्न निशुल्क जांच एवं उपचार सेवाओं का लाभ उठाया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल के निर्देशन में विकासखंड मुनस्यारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन पूर्व जिला पंचायत सदस्य हीरा धर्मशक्तू तथा मल्ला जोहार संघर्ष समिति के अध्यक्ष राम सिंह धर्मशक्तू ने संयुक्त रूप से किया।

शिविर के पहले दिन विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 571 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार और परामर्श प्रदान किया। इसके साथ ही ईसीजी, एक्स-रे, रक्त जांच, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, एचपीवी टीकाकरण, आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड जैसी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इससे सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिली।

स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े के सफल संचालन में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव कुमार, शिविर के नोडल अधिकारी डॉ. राशिद खान, बीपीएम प्रताप सिंह बिष्ट, बीएएम गणेश भाकुनी, ब्लॉक समन्वयक गंभीर सिंह मेहता, एसटीएस, फार्मेसी अधिकारी ललित बृजवाल, वीरेन्द्र सिंह सयाना, डीईओ लक्ष्मण धामी, सीएचओ, एएनएम, आशा फैसिलिटेटर और आशा कार्यकर्ताओं सहित पूरी स्वास्थ्य टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा अगले दो दिनों तक जारी रहेगा। गुरुवार को परिवार नियोजन की स्थायी विधि (नसबंदी) से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। विभाग ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button