नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान, जेवर के किसान लखनऊ पहुंचे

जन एक्सप्रेस / उत्तर प्रदेश : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से पहली वाणिज्यिक उड़ान के शुभारंभ के अवसर पर एक ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी भूमि देने वाले जेवर क्षेत्र के किसानों ने पहली उड़ान के जरिए लखनऊ की यात्रा की। इस विशेष अवसर ने विकास और जनभागीदारी की नई मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजारापु भी मौजूद रहे। उन्होंने इस अवसर को देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि जिन किसानों ने प्रदेश के विकास, रोजगार और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपनी भूमि दी थी, आज उन्हीं परिवारों के सदस्य उसी धरती से हवाई यात्रा कर रहे हैं। यह केवल एक उड़ान नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास का प्रतीक है।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। एयरपोर्ट के संचालन से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, निवेश बढ़ेगा और उद्योगों को गति मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में आधारभूत संरचना और व्यापारिक गतिविधियों का भी तेजी से विस्तार होगा।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को दिया। उनके अनुसार केंद्र और राज्य सरकार की विकासोन्मुख नीतियों के कारण यह महत्वाकांक्षी परियोजना साकार हो सकी है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के सबसे बड़े और आधुनिक हवाई अड्डों में से एक माना जा रहा है। इसके शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई दिशा मिलेगी।






