
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- उत्तराखंड के पूर्व पर्यटन मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने अपने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विकासखंड चंबा के साबली-बमुण्ड क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया और ग्रामीणों से आगामी चुनाव को लेकर भी रायशुमारी की।
बैठक में ग्रामीणों ने रानीचौरी कैंपस के विकास, सड़क निर्माण, मंदिर सौंदर्यीकरण, रानीचौरी को पर्यटन सर्किट से जोड़ने, साबली को संस्कृत ग्राम घोषित करने, बेरोजगारी की समस्या तथा नए विश्वविद्यालय की स्थापना जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि वे चुनाव से पहले जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और लोगों की राय लेकर ही आगे की राजनीतिक दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
पूर्व मंत्री ने अपने कार्यकाल के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से साबली सड़क का निर्माण, विधायक निधि से मंदिर का सौंदर्यीकरण तथा रानीचौरी को पर्यटन सर्किट से जोड़ने की योजना बनाई गई थी, लेकिन बाद में इसे दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि चंबा नगर क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान पांच पार्किंग का निर्माण कराया गया, जिनमें से एक पार्किंग आज बड़े सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन चुकी है।
दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि साबली बुद्धिजीवियों और वेद-व्यासों का गांव है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि उन्हें जनसेवा का अवसर मिलता है तो वे क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि चुनाव से पहले उन्हें परखें और किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार से प्रभावित न हों।
ग्रामीणों ने जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के अंत में पूर्व मंत्री ने सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधान अनिता बहुगुणा, उप प्रधान कंचन बहुगुणा, पूर्व शिक्षक डिमेश्वर बहुगुणा, रोशन भट्ट, पूरण सिंह पयाल, किशोरी लाल, मस्त राम भट्ट, राकेश बहुगुणा, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय बहुगुणा, अजय बहुगुणा, सुभाष बहुगुणा, कृष्णा बहुगुणा, दिनेश बहुगुणा, राकेश भट्ट, प्रेम लाल, वार्ड सदस्य सीमा बहुगुणा, रविन्द्र बहुगुणा, पूजा पयाल, मंजू देवी, सुमित्रा भट्ट सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।






