उत्तर प्रदेशहरदोई

केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य विकास प्रदर्शनी का आयोजन

 जन एक्सप्रेस / हरदोई :   केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गांधी भवन में भव्य छायाचित्र एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य पिछले 12 वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों, बुनियादी ढांचे के विस्तार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा एलईडी वैन, होर्डिंग और स्टैंडी के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। डिजिटल माध्यमों, आकर्षक तस्वीरों और वृत्तचित्रों के जरिए देश की विकास यात्रा को दर्शाया गया।

प्रदर्शनी में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा हर घर जल जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। वहीं डिजिटल इंडिया अभियान, ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विकास और रेलवे आधुनिकीकरण की उपलब्धियों को भी दर्शाया गया।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल एवं मोटराइज्ड ट्राई साइकिल वितरित कीं। साथ ही दो किसानों को सब्सिडी योजना के अंतर्गत ट्रैक्टर भी प्रदान किए गए।

इसके बाद गांधी भवन सभागार में आयोजित प्राकृतिक कृषि जागरूकता गोष्ठी का शुभारंभ भी राज्य मंत्री ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हुआ है और भारत विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में तेजी से उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है तथा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से बिना भ्रष्टाचार के लाभार्थियों के खातों में सीधे धनराशि पहुंचाई जा रही है। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें उचित मूल्य पर कृषि संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य, डीडीओ कमलेश कुमार, उप निदेशक कृषि डॉ. राजेश यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रामप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी में सभी नागरिकों को आमंत्रित किया गया है ताकि वे देश की विकास यात्रा और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों से रूबरू हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button