हरदोई: बिलग्राम पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, आभूषण व नकदी सहित आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस / हरदोई: कोतवाली बिलग्राम पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी के आभूषण एवं नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को मोहल्ला रावणपुरवा निवासी रचना पत्नी विरजू ने अपने घर से आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत कोतवाली बिलग्राम में दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान विवेचना और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने देवेश पुत्र देशराज, निवासी ग्राम सुंगवा, थाना सांडी, जनपद हरदोई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए एक जोड़ी कंगन, तीन जोड़ी बिछिया, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी कान के झाले, एक जोड़ी कान की वाली तथा चोरी की नकदी बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक अजय तोमर, उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश, कांस्टेबल अभिषेक पाल, अमन सिंह, शिवम और अतुल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोतवाली प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा पुलिस आगे की जांच कर रही है।






