हरदोई डबल मर्डर केस का खुलासा: प्रेम-प्रसंग में दो युवकों की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, तीन बाल अपचारी हिरासत में

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- संडीला थाना क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। थाना संडीला पुलिस, स्वाट, सर्विलांस एवं एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित कई अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि अतरौली मार्ग पर तकिया-आटामऊ जाने वाली सड़क के किनारे दो युवकों के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की पहचान अरुण चौरसिया निवासी ग्राम रेसों, थाना कछौना तथा अभिषेक चौरसिया निवासी ग्राम गौहनिया, थाना कछौना के रूप में की। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार प्रेम-प्रसंग से शुरू हुई रंजिश
जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि मृतक अरुण चौरसिया का एक बाल अपचारी की बहन से फोन पर संपर्क और बातचीत होती थी। परिवार के विरोध के बावजूद संपर्क जारी रहने से नाराज होकर बाल अपचारी ने अपने साथी प्रमोद के साथ मिलकर कथित तौर पर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अरुण और उसके मित्र अभिषेक को कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाया। वहां दोनों पर पहले बांस के डंडों, ईंट और पत्थरों से हमला किया गया। पुलिस का दावा है कि अरुण के जीवित होने का आभास होने पर एक बाल अपचारी ने उसके चेहरे पर तमंचे से गोली मार दी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
सर्विलांस से बचने के लिए अपनाई गई कथित रणनीति
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी लोकेशन छिपाने के लिए अपने मोबाइल फोन बंद करने के बजाय अपने भाइयों के पास छोड़ गए थे, ताकि सर्विलांस के जरिए उनकी वास्तविक मौजूदगी का पता न चल सके। हालांकि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, कई साक्ष्य बरामद
पुलिस ने कुलदीप निवासी तकिया, थाना संडीला और प्रमोद निवासी तकिया, थाना संडीला को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, मृतकों के दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो बांस के डंडे, तथा घटनास्थल से आरोपियों की चप्पलें, कोल्ड ड्रिंक की बोतल और गिलास बरामद किए गए हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
मामले के खुलासे में स्वाट/एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल जब्बार, प्रभारी निरीक्षक संडीला वीरेन्द्र पंकज एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।






