जौनपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: शादी में आई 6 साल की मासूम की हत्या, दुष्कर्म की आशंका
रात से लापता थी बच्ची, सुबह झाड़ियों में मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब शादी समारोह में आई 6 वर्षीय मासूम बालिका का शव झाड़ियों में मिला। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
बताया जा रहा है कि बालिका बीती रात से ही लापता थी। परिजन रात भर उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सुबह गांव के कुछ लोगों ने झाड़ियों में एक बच्ची का शव देखा, जिसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान लापता बच्ची के रूप में की।
घटना की जानकारी मिलते ही जफराबाद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मामले को संदिग्ध मानते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






