खेल

India vs South Korea Hockey:भारत ने फाइनल में जगह बनाई

एशियाई खेलों में पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को 5-3 से हरा दिया है। इसके साथ ही भारत ने फाइनल में जगह बना ली है और कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। भारत के लिए उपकप्तान हार्दिक सिंह ने पहला गोल किया। दूसरा गोल मनदीप सिंह ने किया। तीसरा गोल ललित उपाध्याय ने दागा। चौथा गोल अमित रोहिदास और पांचवां गोल अभिषेक ने किया। कोरिया के लिए जूंग मानजाई ने पहला, दूसरा और तीसरा गोल किया।
मैच में ऐसे हुए गोल
पहला गोल: भारत के लिए पहला गोल पांचवें मिनट में आया। भारतीय टीम के पहले शॉट को कोरियाई गोलकीपर ने रोक लिया, लेकिन गेंद वापस हार्दिक सिंह के पास आ गई। उन्होंने रिबाउंड पर कोई गलती नहीं की और गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।

दूसरा गोल: टीम इंडिया ने दूसरा गोल 11वें मिनट में किया। गुरजंत ने लॉन्ग बॉल को संभाला और कोरिया के डी में पहुंच गए। उन्होंने गोलपोस्ट के पास खड़े मनदीप सिंह को पास कर दे दिया। मनदीप ने बिना कोई गलती किए गोल कर दिया।

तीसरा गोल: भारत के लिए तीसरा गोल 15वें मिनट में आया। विवेक गेंद लेकर कोरिया के डी में पहुंचे। उन्होंने गुरजंत को पास किया। गुरजंत ने गोल का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। कोरियाई टीम में उनके शॉट को रोक लिया। हालांकि, कप्तान हरमनप्रीत ने गेंद को किसी तरह अपने काबू में कर लिया और उसे ललित उपाध्याय की तरफ पास कर दिया। ललित ने कोई गलती नहीं की और गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।

चौथा गोल: 17वें मिनट में कोरिया ने अपना पहला गोल किया। पेनल्टी कॉर्नर पर फायदा उठाते हुए उसने मैच में अपना खाता खोला। कोरिया के लिए जूंग मानजाई ने पहला गोल किया।

पांचवां गोलः 20वें मिनट में कोरिया ने अपना दूसरा गोल दागा। जुंग माजी ने एक बार फिर कमाल किया और अपनी टीम की वापसी कराई।

छठा गोलः 24वें मिनट में अमित रोहिदास ने भारत के लिए चौथा गोल किया और टीम इंडिया को मैच में काफी आगे कर दिया।

सातवां गोलः 42वें मिनट में कोरिया के लिए जुंग माजी ने तीसरा गोल किया और भारत की बढ़त कम की।

आठवां गोलः 54वें मिनट में अभिषेक ने गोल कर भारत को अहम बढ़त दिलाई। अंतिम समय में किए गए उनके गोल से भारत को दो गोल की बढ़त मिल गई, जो कि निर्णायक साबित हुई।

नौ साल बाद फाइनल में पहुंचा भारत
भारतीय टीम 2014 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंची है। 2018 में भारत को सेमीफाइनल में हार झेलनी पड़ी थी। उसके बाद ने भारत ने पाकिस्तान को हराकर कांस्य पदक पर कब्जा किया था। फाइनल में भारत का मुकाबला छह अक्तूबर को चीन या जापान से हो सकता है।

ग्रुप दौर में टीम इंडिया ने किए थे 58 गोल
भारतीय टीम एशियाई खेलों के मौजूदा संस्करण में शानदार फॉर्म में चल रही है। उसने ग्रुप दौर में अपने सभी पांच मैच जीते हैं। ग्रुप दौर में टीम इंडिया ने 58 गोल दागे थे। उसके खिलाफ सिर्फ पांच गोल हुए थे। सेमीफाइनल में भी भारत ने पांच गोल किए। हालांकि, दक्षिण कोरिया भी तीन गोल करने में सफल रहा।

एशियाई खेल 2023 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सफर
पहला मैच: उज्बेकिस्तान को 16-0 से हराया।
दूसरा मैच: सिंगापुर को 16-1 से परास्त किया।
तीसरा मैच: जापान को 4-2 से हराया।
चौथा मैच: पाकिस्तान को 10-2 से शिकस्त दी।
पांचवां मैच: बांग्लादेश को 12-0 से हराया।
सेमीफाइनलः दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button