
जन एक्सप्रेस देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी कांवड़ मेला-2025 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को नई दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की तोड़फोड़, उपद्रव या अवांछनीय गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा को शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। लाठी, डंडा, नुकीली वस्तुएं साथ लाने पर रोक लगाने के लिए प्रचार अभियान चलाया जाएगा।
यात्रा मार्ग पर शराब, मांस और मादक पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू होगा।
शिविर संचालकों, होटल कर्मियों, वालंटियर्स और धर्मशाला में रुकने वालों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा।
आतंकी खतरे को देखते हुए ATS और विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश।
भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और सीसीटीवी/ड्रोन से निगरानी की प्रभावी व्यवस्था लागू की जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, इसलिए उनके लिए महिला घाट, धर्मशालाओं में अलग व्यवस्थाएं और महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती जरूरी है।
आपात सेवाएं रहें अलर्ट मोड में
हरिद्वार घाटों, नीलकंठ महादेव मंदिर और अन्य स्थलों पर एम्बुलेंस और बैकअप वाहन मौजूद रहेंगे।
गोताखोर, जल पुलिस और आपदा राहत टीमें अलर्ट मोड पर रहेंगी।
सभी प्रमुख स्थलों पर एक्स-रे स्कैनर, फायर टेंडर, अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी।
सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इंटरनेट मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और गलत पोस्ट का त्वरित खंडन किया जाए। डीजे, लाउडस्पीकर और ध्वनि यंत्रों का उपयोग केवल निर्धारित मानकों और समयसीमा में करने की अनुमति होगी। क्या करें-क्या न करें’ की गाइडलाइन जारी होगी श्रद्धालुओं को यात्रा से जुड़ी सावधानियों और निर्देशों की जानकारी प्रचार माध्यमों के ज़रिए दी जाएगी।






