
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी ;- आगामी कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर टिहरी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में थाना मुनि की रेती परिसर में क्षेत्र की विभिन्न परिवहन यूनियनों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर सुरेंद्र सिंह भंडारी ने की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान एवं यातायात निरीक्षक प्रताप सिंह सहित टेंपो यूनियन, विक्रम यूनियन, टैक्सी यूनियन और अन्य परिवहन संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
निर्धारित रूट पर ही चलेंगे वाहन
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ मेले के लिए तैयार की गई यातायात योजना की जानकारी देते हुए सभी परिवहन यूनियनों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान टेंपो, विक्रम और टैक्सी का संचालन केवल निर्धारित रूट एवं स्वीकृत यातायात योजना के अनुसार ही किया जाएगा। किसी भी प्रकार का मनमाना वाहन संचालन या यातायात नियमों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वाहनों में किराया सूची प्रदर्शित करना होगा अनिवार्य
पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों में निर्धारित किराया सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों को किराए की स्पष्ट जानकारी मिल सके तथा अधिक किराया वसूलने जैसी शिकायतों से बचा जा सके।
इसके अलावा सभी वाहन चालकों को अपने वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने, ओवरलोडिंग से बचने, यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने की अपील
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी वाहन चालक और परिवहन संचालक श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें। यदि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक के अंत में सभी परिवहन यूनियनों के पदाधिकारियों ने कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया।
संवाददाता: चंद्रप्रकाश बहुगुणा






