
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि लमगांव में हाल ही में हुए अनुसूचित जाति के एक युवक की हत्या के मामले में पूरा जन समुदाय पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि आयोग की ओर से पीड़ित परिवार से मुलाकात की गई है और परिवार के सदस्य पुलिस जांच से संतुष्ट हैं।
नई टिहरी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान मुकेश कुमार ने बताया कि उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ-साथ घटना में घायल हुए व्यक्ति से भी मुलाकात की। आयोग की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता भी परिवार को प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी समुदायों के लोग इस दुखद घटना से आहत हैं और पीड़ित परिवार की हर संभव मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में ऐसा कोई माहौल नहीं है जिससे यह प्रतीत हो कि मामला जातिगत तनाव से जुड़ा हुआ है। सभी वर्गों और समुदायों के लोग पीड़ित परिवार के समर्थन में खड़े हैं तथा घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं।
अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार अपराध के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शने के पक्ष में नहीं है। चाहे आरोपी किसी भी जाति, धर्म या वर्ग से संबंधित हो, कानून के अनुसार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी निर्दोष व्यक्ति को जबरन फंसाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, क्योंकि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है।
मुकेश कुमार ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मामले में अनावश्यक राजनीति करने और समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ भी आयोग आवश्यक कदम उठाएगा।
इस अवसर पर आयोग की सदस्य सुनीता देवी, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र कोहली, रणवीर नौटियाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






