लखनऊ: बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, जानकीपुरम में जेई को कुत्ते से कटवाया

जन एक्सप्रेस/लखनऊ : लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र में बुधवार शाम बिजली चोरी की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान उपभोक्ता और उसके सहयोगियों ने जूनियर इंजीनियर अशोक Kumar पर हमला कर दिया और उन पर कुत्ता छोड़ दिया, जिससे वह घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की टीम शाम करीब 6 बजे क्षेत्र में बिजली चोरी की शिकायत की जांच करने पहुंची थी। इसी दौरान टीम और उपभोक्ता पक्ष के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उपभोक्ता और उसके साथियों ने सरकारी टीम के साथ अभद्रता की और हमला कर दिया।
हमले में जूनियर इंजीनियर अशोक कुमार घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने उन पर कुत्ता छोड़ दिया, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और विभागीय कर्मचारी पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।






