उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर: जमालुद्दीनपुर दहेज हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई, आरोपित सास और ससुर गिरफ्तार; जेल भेजे गए

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर : जनपद के खुटहन थाना क्षेत्र अंतर्गत जमालुद्दीनपुर गांव में बीते शुक्रवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को पुलिस ने दहेज हत्या के नामजद आरोपी सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

प्रेम विवाह के दो साल बाद दर्दनाक अंत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमालुद्दीनपुर निवासी मोहम्मद आलम की पुत्री रोजी बानो ने दो वर्ष पूर्व अपने ही पड़ोसी मोहम्मद शहदाब (पुत्र मुश्ताक अहमद) के साथ प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी। पति शहदाब रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहकर ट्रक चलाता है, जबकि रोजी बानो गांव में अपने सास-ससुर के साथ रहती थी।

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव

बीते शुक्रवार की देर रात रोजी बानो का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता हुआ पाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। मृतका के पिता मोहम्मद आलम ने खुटहन थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और अंततः उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या (Dowry Death) का मुकदमा दर्ज किया था।

आरोपियों का पक्ष और पुलिस कार्रवाई

सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर मुश्ताक और सास कैसरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार सास-ससुर का दावा है कि बहू उनकी सेवा करती थी, लेकिन पति-पत्नी के बीच फोन पर हुई किसी कहासुनी के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस मायके पक्ष के आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button