बिहार

CM नीतीश कुमार ने सौंपे नियुक्ति पत्र, बिहार में 5,353 अभ्यर्थियों को मिली नौकरी

 

जन एक्सप्रेस / बिहार : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को संवाद भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में अनुकंपा के आधार पर चयनित 5,353 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए 4,835 विद्यालय लिपिक तथा 518 विद्यालय परिचारी शामिल हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह नौकरी केवल एक रोजगार नहीं है, बल्कि सेवा का अवसर है। आपसे अपेक्षा है कि आप निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए अभ्यर्थियों से नियुक्ति पत्र लेने का आग्रह किया, जिससे समारोह का वातावरण भावुक और सकारात्मक हो गया।

शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने जानकारी दी कि अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति की प्रक्रिया लंबे समय से अटकी हुई थी। मुख्यमंत्री की पहल पर इसे कैबिनेट की मंजूरी मिली और अब इसे तेजी से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह राज्यव्यापी प्रक्रिया का हिस्सा है और जल्द ही जिलास्तर पर भी अनुकंपा के आधार पर नियुक्तियां पूरी की जाएंगी। इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

शिक्षा विभाग के एसीएस एस. सिद्धार्थ ने कहा कि यह पहल बिहार के जरूरतमंद परिवारों के लिए नई आशा लेकर आई है। उनका मानना है कि यह कदम न केवल शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करेगा बल्कि कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे परिवारों को संबल भी प्रदान करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button