
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ की वार्षिक कार्ययोजना को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने, विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई।
देशभर में 2.2 करोड़ से अधिक युवा MY Bharat से जुड़े
बैठक में जिला युवा अधिकारी आशीष पंत ने ‘मेरा युवा भारत’ की वार्षिक कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि देशभर में अब तक 2.2 करोड़ से अधिक युवा MY Bharat प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हो चुके हैं, जबकि 3.5 लाख से अधिक यूथ क्लब गठित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि टिहरी जनपद से 19 हजार से अधिक युवा इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण करा चुके हैं।
युवाओं में नेतृत्व और सामाजिक सहभागिता पर फोकस
आशीष पंत ने बताया कि MY Bharat के तीन प्रमुख स्तंभ—रचनात्मक सहभागिता, युवा नेतृत्व आधारित जनजागरूकता एवं प्रसार तथा निर्णय निर्माण—युवाओं में नेतृत्व क्षमता, मेंटरशिप और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं।
बैठक में MY Bharat पोर्टल और मोबाइल ऐप के विभिन्न फीचर्स के साथ विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, बजट क्वेस्ट, MY Bharat इंटर्नशिप प्रोग्राम और यंग लीडर्स डायलॉग जैसे कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
15 से 29 वर्ष के युवा कर सकते हैं पंजीकरण
बैठक में बताया गया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां MY Bharat प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण करा सकते हैं। साथ ही आगामी मेगा आयोजनों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
23 से 26 जुलाई तक चलेगा नशा मुक्त अभियान
जिला युवा अधिकारी ने जानकारी दी कि 23 से 26 जुलाई तक जिले में नशा मुक्त अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 1 जुलाई से 15 अगस्त तक MY Bharat पंजीकरण अभियान भी संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
सीडीओ ने दिए प्रचार-प्रसार के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने निर्देश दिए कि MY Bharat की वार्षिक कार्ययोजना का विस्तृत कैलेंडर तैयार कर सभी शिक्षण संस्थानों और संबंधित विभागों को उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने MY Bharat के प्रचार-प्रसार के लिए एक संक्षिप्त वीडियो तैयार कर अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने तथा उसमें संपर्क विवरण भी शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों से अपने-अपने कार्यक्रमों का प्रचार करने, अधिकाधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने और विभागीय गतिविधियों को नियमित रूप से MY Bharat ऐप पर अपलोड करने को कहा।
बैठक में शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान, समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा, लीड बैंक मैनेजर मनीष मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






