पैथोलॉजी में गड़बड़झाला, एचआईवी नेगेटिव को पॉजिटिव दिखा डाला
मामला डॉक्टर नारायण पैथ लैब्स से जुड़ा है। कई मरीजों की रिपोर्ट को सौ गुना तक बढ़ाने- घटाने का आरोप भी लगा है

जन एक्सप्रेस, लखनऊ: एक पैथोलॉजी द्वारा एचआईवी नेगेटिव रिपोर्ट को पॉजिटिव दिखाने समेत कई अन्य गलत जांच रिपोर्ट देने का एक अजीबोगरीब मामला राजधानी लखनऊ में सामने आया है। पैथोलॉजी संचालक का आरोप है कि रिपोर्ट में हेराफेरी उनके पूर्व मैनेजर ने की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जांच चल रही है।
मामला डॉक्टर नारायण पैथ लैब्स से जुड़ा है। कई मरीजों की रिपोर्ट को सौ गुना तक बढ़ाने- घटाने का आरोप भी लगा है। इस संबंध में लैब की संचालक डॉक्टर अर्चना सिंह ने पूर्व मैनेजर अंकुर वर्मा पर विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
लखनऊ के विजयंतखंड इलाके से संचालित डॉक्टर नारायण पैथ लैब्स का एक सेंटर बाराबंकी के डॉक्टर केएन सिंह हॉस्पिटल एंड मेडिकल साइंसेज में भी है। इस पैथोलॉजी का मैनेजर अंकुर वर्मा था। अप्रैल 2024 में यहां नौकरी शुरू करने वाले अंकुर ने मालिकों से मतभेद के चलते नवंबर में नौकरी छोड़ दी। लैब की ओर से अंकुर को मिले मोबाइल फोन पर मरीजों की रिपोर्ट आती थी, जिसे अंकुर ने नौकरी छोड़ने के बाद भी वापस नहीं किया।
अब लैब संचालकों ने अंकुर पर एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि अंकुर वर्मा ने तमाम मरीजों की रिपोर्ट से छेड़छाड़ की। यही नहीं, पैथोलॉजी के डॉक्टर हर्ष कुलकर्णी की आईडी हैक कर भी कई मरीजों की रिपोर्ट में हेर फेर का आरोप लगाया गया है।
शक होने पर की गई जांच में हेरफेर पकड़ में आई
अंकुर वर्मा पर पैथोलॉजी के कई कर्मचारियों को धमकाने का भी आरोप लगा है। लैब संचालक का कहना है कि गड़बड़ रिपोर्ट्स मरीजों तक नहीं पहुंच पाई थीं। शक होने पर की गई जांच में ही हेरफेर पकड़ ली गई थी। मामले में विभूतिखंड पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।