उत्तराखंडनई टिहरी

नई टिहरी में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित हुई मॉक ड्रिल

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रभावशीलता का परीक्षण करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

भूस्खलन, बादल फटना और बाढ़ की काल्पनिक स्थिति पर हुआ अभ्यास

अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान भूस्खलन, बादल फटना, बाढ़ और सड़क दुर्घटना जैसी काल्पनिक आपदा स्थितियां तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

इस अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान, नगर निकाय, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय भागीदारी की।

कई क्षेत्रों में तैयार की गई आपदा की काल्पनिक स्थिति

मॉक ड्रिल के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग आपदा परिदृश्यों का अभ्यास किया गया, जिनमें शामिल हैं—

  • तहसील घनसाली के ग्राम जखन्याली में बादल फटना और भूस्खलन।
  • देवप्रयाग में राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर मूल्यागांव के पास सड़क दुर्घटना।
  • नरेन्द्रनगर के बगड़धार क्षेत्र में भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति।
  • कण्डीसौड़ के स्यांसू क्षेत्र में भूस्खलन से सड़क बंद होने की स्थिति।
  • देवप्रयाग और नरेन्द्रनगर क्षेत्र में टिहरी बांध से अतिरिक्त जल निकासी की स्थिति का अभ्यास।

त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय की हुई जांच

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, संसाधनों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव कार्यों तथा आपसी समन्वय की प्रभावशीलता का परीक्षण करना था, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी आपदा प्रबंधन से जुड़े अभ्यासों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता और दक्षता के साथ निर्वहन करें।

मॉक ड्रिल के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, एएसपी दीपक कुमार, एसडीएम कमलेश मेहता, सीआईएसएफ प्रतिनिधि, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button