नई दिल्ली

भारत -अमेरिका रिश्तों पर मोदी-ट्रंप की दोस्ती भरा बयान चर्चा में

जन एक्सप्रेस / नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयानों ने दोनों देशों के रिश्तों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।दरअसल, व्हाइट हाउस में ट्रंप ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर कहा, “मैं मोदी के साथ हमेशा मित्रवत रहूंगा, वह एक शानदार प्रधानमंत्री हैं। भारत और अमेरिका के बीच एक खास रिश्ता है, इसमें चिंता की कोई बात नहीं है।” ट्रंप से जब भारत को खोने संबंधी उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ किया कि ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी से उनकी अच्छी बनती है और हाल ही में उनकी मुलाकात भी हुई थी।

ट्रंप के इस बयान पर प्रधानमंत्री मोदी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हम राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं और भारत-अमेरिका संबंधों के सकारात्मक मूल्यांकन की दिल से सराहना करते हैं। भारत और अमेरिका के बीच एक दूरदर्शी और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है।”

हालांकि, इस दोस्ती भरे संदेश के बीच दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव भी बना हुआ है। ट्रंप की हाई टैरिफ नीति के कारण भारत पर 50% शुल्क लगाया गया है, जिससे भारतीय बाजार और उद्योग जगत में चिंता है। विपक्ष भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रहा है।

ऐसे माहौल में ट्रंप और मोदी के बीच ‘दोस्ती’ का सार्वजनिक इज़हार चर्चा का विषय बन गया है। अब सबकी नज़र इस पर टिकी है कि क्या ट्रंप व्यापारिक टैरिफ को लेकर नरमी दिखाएंगे या फिर तनाव और गहराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button