देश

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियां शुरू

अहमदाबाद । भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर गुजरात में अपनी व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनावी रणनीति में सोशल मीडिया को हथियार बनाया जाएगा। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी अपने सदस्यों को सोशल मीडिया पर सक्रिय करेगी। इसके लिए गुजरात में सर्वाधिक बनी पेज समितियों के सदस्यों को सोशल मीडिया पर सक्रिय कर लोकसभा चुनाव-2024 के लिए माहौल बनाना शुरू किया जाएगा। बुधवार को वन डे वन डिस्ट्रक्ट के तहत वडोदरा पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने इसी तरह के संकेत दिए।

वन डे वन डिस्ट्रक्ट की शुरुआत करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल बुधवार को वडोदरा पहुंचे। यहां उन्होंने जिला और शहर संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। खास बात यह है कि पाटिल ने वडोदरा डेयरी के पूर्व प्रमुख और गत विधानसभा चुनाव में पादरा सीट से भाजपा से बगावत कर चुनाव लड़े दिनेश पटेल उर्फ दीनू मामा के साथ बैठक की। इस बैठक को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

सफल रहा था फार्मूला

पिछले साल सम्पन्न हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पाटिल का वन डे वन डिस्ट्रिक्ट फार्मूला चर्चा में रहा था। संगठन के साथ संवाद का पाटिल का यह तरीका जहां कार्यकर्ताओं में जोश भरने में सफल रहा, वहीं संगठन के अंदरूनी हालात से भी वे अवगत हुए। भाजपा को गुजरात विधानसभा के अब तक हुए सभी चुनावों में सर्वाधिक 156 सीट आने में इस फार्मूले को बेहद सफल बताया गया। माना जा रहा है कि भाजपा अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर इसे दोहराएगी।

फार्मूले से दूर करेंगे कार्यकर्ताओं का आपसी मनमुटाव

इस फार्मूले से संगठन के सदस्यों के बीच आपसी मनमुटाव और गलतफहमी को भी दूर करने में भी काफी मदद मिलेगी। वडोदरा दौरे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पाटिल से सांसद रंजनबेन भट्ट, शहर के विधायक आदि ने सर्किट हाउस में मुलाकात की। पाटिल ने जन प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ मध्य गुजरात में संगठन को मजबूत करने को लेकर व्यापक चर्चा की।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री भार्गव भट्ट को संगठन के पद से हटाने को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पाटिल ने कहा कि यह संगठन में किया गया आंतरिक बदलाव है। इसका कोई खास असर नहीं होगा। वे बूथ सशक्तिकरण के साथ सभी नागरिकों तक पहुंचने का प्रयत्न कर रहे हैं। इसके लिए भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर सक्रिय होने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button