खेल

ईशान-सूर्या की बदौलत मुंबई की शानदार जीत

आईपीएल 2023 के 46वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दमदार जीत हासिल की है। 215 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने इसे 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। हालांकि, मुंबई की शुरुआत बेहद ही खराब रही और पहला विकेट कप्तान रोहित शर्मा के रूप में शून्य पर गिर गया था। लेकिन दूसरे छोर पर ईशान किशन अच्छी पारी खेलते रहे। कैमरन ग्रीन ने 23 रन बनाए। मुंबई का दूसरा विकेट 54 रन के स्कोर पर गिरा था। इसके बाद ईशान किशन और सूर्य कुमार यादव के बीच शानदार साझेदारी हुई और यहीं से मैच मुंबई के पक्ष में पूरी तरीके से घूम गया था। सूर्यकुमार यादव ने 31 गेंदों में 66 रनों की पारी खेली जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे जबकि ईशान किशन ने 41 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्के की बदौलत 75 रन बनाए। इन दोनों के आउट होने के बाद एक बार फिर से मुंबई के लिए संकट की स्थिति दिखने लगी थी। लेकिन टीम डेविड और तिलक वर्मा ने शानदार काम करते हुए मुंबई को जीत दिला दिया।
टीम डेविड ने 19 रन बनाए जबकि तिलक वर्मा ने 10 गेंदों में 26 रन की पारी खेली जिसमें 3 छक्के शामिल थे। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह ने 3.5 ओवर में 66 रन दे दिए। नाथन एलिस ने 4 ओवर में 34 रन देकर दो सफलता हासिल की। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस के बीच 10 अंक हो गए हैं। इससे पहले नये खिलाड़ी जितेश शर्मा ने लियाम लिविंगस्टोन का बखूबी साथ निभाया और दोनों ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के मैच में बुधवार को पंजाब किंग्स को तीन विकेट पर 214 रन तक पहुंचाया। लिविंगस्टोन ने सत्र का पहला अर्धशतक 32 गेंदों में पूरा किया और 42 गेंद में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 82 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने मुंबई के लिये अपने 200वें मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। पंजाब के विकेटकीपर शर्मा ने 27 गेंद में नाबाद 49 रन बनाये। दोनों ने चौथे विकेट की अटूट साझेदारी में सिर्फ 56 गेंद में 119 रन जोड़े। लिविंगस्टोन ने इंग्लैंड के अपने साथी खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर को 19वें ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े।

शर्मा ने स्पिनर पीयूष चावला या तेज गेंदबाज आर्चर किसी को नहीं बख्शा। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाये। आर्चर ने अपने चार ओवर में 56 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। मुंबई ने आखिरी 48 गेंदों में 115 रन दिये और लगातार चौथी बार किसी टीम ने उनके खिलाफ 200 से अधिक रन बनाये हैं। एक समय पर पंजाब का स्कोर 12 ओवर में तीन विकेट पर 99 रन था। दोनों ने 13वें ओवर में आर्चर की जमकर धुनाई करके 21 रन निकाले। चोट से उबरकर लौटे आर्चर बिल्कुल लय में नहीं थे। इसके बाद शर्मा ने भी उन्हें चौका लाया। चावला ने शिखर धवन (30) और मैथ्यू शॉर्ट (27) के विकेट चटकाये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button