विधायकों के साथ नगर पालिका अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से भेंट कर दिया मांग पत्र
जन एक्सप्रेस/बलरामपुर : जनपद बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित आदर्श नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने जनपद बलरामपुर में विगत दिनों से उत्पन्न हो रही विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं एवं नगर के झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर निरंतर लगने वाले भीषण जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ओवरब्रिज निर्माण के संबंध में मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर बलरामपुर नगर की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया और इस संदर्भ में पत्र भी दिया। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने 14 जून को बताया कि जनपद हो रही लगातार अघोषित बिजली कटौती को लेकर आम जनमानस परेशान है । नगर के फीडरों में लगातार खराबी आ रही है । विद्युत विभाग के अधिकारी तकनीकी खराबियों का हवाला देकर जिम्मेदारी से बच रहे है। साथ ही अत्यंत महत्वपूर्ण झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर निरंतर लगने वाले भीषण जाम से स्कूली बच्चों, एम्बुलेंस, कर्मचारियों सहित आम लोगों को समस्या होती है । जन-सुविधा की दृष्टि से ओवरब्रिज निर्माण तथा विभिन्न समस्याओं को लेकर सदर विधायक पलटू राम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला व उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा के साथ मुख्यमंत्री से उनके आवास पर भेंट कर उन्हें अवगत कराते हुए महती आवश्यकता के संबंध मे पत्र दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद की सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन प्रदान किया है ।






