
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बौराड़ी स्थित एसओएस बाल संरक्षण गृह एवं दत्तक ग्रहण केंद्र का त्रैमासिक निरीक्षण कर बच्चों के संरक्षण, देखभाल, शिक्षा और पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संस्थान की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान दत्तक ग्रहण केंद्र में एक नवजात शिशु तथा एसओएस बाल संरक्षण गृह में ग्रुप फोस्टर केयर के अंतर्गत 39 बालक-बालिकाएं निवासरत मिले। अधिकारियों ने पाया कि सभी बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, देखभाल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा वे नियमित रूप से विद्यालय में अध्ययन कर रहे हैं।
निरीक्षण दल ने बच्चों के लिए उपलब्ध सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और पारिवारिक वातावरण पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही यह भी पाया कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं तथा उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बच्चों के सर्वोत्तम हित को प्राथमिकता देते हुए संरक्षण, शिक्षा और पुनर्वास संबंधी सेवाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थान को आवश्यक सुझाव भी दिए और बच्चों के हित में इसी प्रकार निरंतर कार्य करते रहने की अपेक्षा जताई।
निरीक्षण दल में एसीएमओ डॉ. बृजेश डोभाल, मनोचिकित्सक डॉ. रीना सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, शिक्षा विभाग से सुरेश प्रसाद उनियाल, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य अमीता रावत तथा पूर्व किशोर न्याय बोर्ड सदस्य प्रेम सिंह बनगाई शामिल रहे।
संवाददाता : चंद्रप्रकाश बहुगुणा






