
जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) के साथ निर्वाचन संबंधी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, डिजिटाइजेशन और अन्य निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अनैच्छिक श्रेणी में दर्ज सभी गणना प्रपत्रों का दोबारा सत्यापन कराया जाए। प्रत्येक प्रपत्र पर संबंधित बीएलओ द्वारा स्पष्ट टिप्पणी अथवा आख्या अंकित की जाए तथा उसके समर्थन में तैनात अतिरिक्त सहयोगी के हस्ताक्षर भी अनिवार्य रूप से लिए जाएं। जहां संभव हो, संबंधित बीएलओ द्वितीय के हस्ताक्षर भी सुनिश्चित किए जाएं। यदि किसी मतदाता का गणना प्रपत्र त्रुटिवश अनैच्छिक श्रेणी में दर्ज हुआ है तो उसे रोलबैक प्रक्रिया के माध्यम से तत्काल संशोधित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य बीएलओ एप में उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर किए जाएं तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड द्वारा निर्धारित कार्य कैलेंडर के अनुसार डिजिटाइजेशन, वैधता परीक्षण, मतदान केंद्रों के युक्तिकरण, प्रारूप निर्वाचक नामावली की तैयारी, सूची निर्माण, मुद्रण एवं प्रारूप प्रकाशन सहित सभी निर्वाचन संबंधी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।
बैठक में 14 जुलाई को प्रस्तावित प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के बाद नोटिस वितरण तथा दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई के लिए पहले से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं को सुनवाई के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े और शहरी क्षेत्रों में किसी एक स्थान पर अत्यधिक भीड़ न हो। इसके लिए सुनवाई स्थलों का उचित चयन, पर्याप्त संख्या, भौगोलिक सुगमता, आवश्यक व्यवस्थाएं और समय-सारिणी का समुचित निर्धारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।






