उत्तराखंडनई टिहरी

नई टिहरी: मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा, 2 जुलाई को होगी राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: मानसून सीजन के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय मानसून तैयारी टेबल टॉप अभ्यास के तहत सचिव, आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में 2 जुलाई को प्रस्तावित राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सचिव आपदा प्रबंधन ने निर्देश दिए कि आपदा की स्थिति में घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (Incident Response System-IRS) के तहत सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने बचाव एवं राहत दलों की समय पर तैनाती, त्वरित कार्रवाई, सेवा भावना तथा निर्धारित कमांड चेन के अनुसार कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही महिला मंगल दल, युवक मंगल दल एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने जनपद टिहरी में प्रस्तावित मॉक ड्रिल स्थलों की जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यास के लिए घनसाली के जखन्याली गांव, देवप्रयाग के मूल्या गांव, नरेंद्रनगर के बगड़धार, कण्डीसौड़ के स्यांसू तथा टिहरी झील क्षेत्र का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्थल के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है, जो मॉक ड्रिल की गतिविधियों का संचालन करेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि टिहरी झील का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में संभावित रूप से प्रभावित होने वाले अन्य जनपदों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एस. नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट, अधिशासी अभियंता पेयजल संस्थान प्रशांत भारद्वाज, सहायक परिवहन अधिकारी बिराटिया, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई जी.आर. नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button