उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंशहर खबरेंसहारनपुर

यूपी के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की गुणवत्ता पर अब जिला प्रशासन की नजर, उच्च शिक्षा विभाग का नया पोर्टल तैयार

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उच्च शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर अब जिला प्रशासन भी सीधी निगरानी रखेगा। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने एकीकृत अनुश्रवण (Monitoring) पोर्टल तैयार किया है।

शासन के निर्देशों के अनुसार अब जिलाधिकारी (DM) और मंडलायुक्त (Commissioner) नियमित रूप से विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की समीक्षा करेंगे तथा प्रत्येक तीन माह में अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेंगे।

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक जिले में उच्च शिक्षा के लिए जिला नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं, जो स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक गतिविधियों, योजनाओं और संस्थानों की प्रगति की निगरानी करेंगे।

इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (JNCU) और उससे संबद्ध 139 महाविद्यालय भी जिला प्रशासन की नियमित निगरानी के दायरे में आ जाएंगे।

अब तक विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली, नई शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन तथा विभिन्न योजनाओं की समीक्षा मुख्य रूप से विश्वविद्यालय प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा की जाती थी। लेकिन अब पहली बार जिला प्रशासन को भी इस प्रक्रिया से सीधे जोड़ा गया है।

उच्च शिक्षा विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से स्थानीय स्तर पर कमियों की समय रहते पहचान हो सकेगी, नियमित समीक्षा सुनिश्चित होगी और आवश्यक सुधार कार्यों में तेजी आएगी। इससे उच्च शिक्षा संस्थानों की कार्यप्रणाली अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button