लगातार बारिश से ओहन बांध खतरे के निशान पर
जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, बांध खोलने के दिए निर्देश, ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील

जन एक्सप्रेस चित्रकूट, संवाददाता: क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते ओहन बांध में पानी का स्तर अत्यधिक बढ़ गया है, जिसे देखते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बांध का स्थलीय निरीक्षण किया। जलस्तर की गंभीर स्थिति को भांपते हुए उन्होंने बांध को खोलने के निर्देश दिए, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
बांध से निकलने वाले पानी से चनहट, भुजौली, मड़वारा, बगरेही, देवकली, चर, एचवारा, सेमरदहा, रमपुरिया अबल्ल, कव्वालियां और संगवारा जैसे गांवों के प्रभावित होने की आशंका है। जिलाधिकारी ने इन क्षेत्रों के आम नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है, साथ ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी पूरी मुस्तैदी और सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मानिकपुर मोहम्मद जसीम भी मौजूद रहे। प्रशासन पूरी तरह से हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी की जा रही सूचनाओं पर भरोसा करें।






