उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

जांच में अनियमितताएं मिलने पर सीएमओ ने अधीक्षक सहित सम्बंधित कर्मियों से मांगा स्पष्टीकरण

जन एक्सप्रेस/हरदोई: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरपालपुर में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों पर लगे गंभीर आरोपों की जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. भवनाथ पांडेय ने अधीक्षक समेत संबंधित डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य महानिदेशक को भी भेज दी गई है।

जानकारी के अनुसार, सीएचसी हरपालपुर में मरीजों को बाहर से दवाएं लिखने और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही समेत कई गंभीर आरोपों की शिकायत सीएमओ से की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने एसीएमओ डॉ. पंकज सचान, डिप्टी सीएमओ डॉ. हेमंत राजपूत और डॉ. विनीत तिवारी की टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए थे।

जांच टीम ने 16 मई को सीएचसी हरपालपुर का औचक निरीक्षण किया। जांच में दो चिकित्सकों द्वारा मरीजों को बाहर की दवाएं लिखने की पुष्टि हुई। वहीं दंत चिकित्सक डॉ. आशीष तिवारी अपनी विशेषज्ञता से संबंधित मरीजों का उपचार करने के बजाय सामान्य ओपीडी में मरीजों का इलाज करते पाए गए। उन पर भी बाहर की दवाएं लिखने का आरोप सामने आया।

निरीक्षण के दौरान कोई महिला चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं मिली। इसके अलावा इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों को इंजेक्शन और दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ीं। जांच में एक्स-रे टेक्नीशियन पर निशुल्क एक्स-रे सुविधा के बावजूद मरीजों से 50 रुपये वसूलने के आरोप भी सामने आए।

जांच रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडेय ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद पांडेय सहित सभी संबंधित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही मामले की विस्तृत रिपोर्ट स्वास्थ्य महानिदेशक को भेजकर आगे की कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button