अयोध्या में उद्यमिता प्रोत्साहन और प्रांत सम्मेलन का आयोजन
डिजिटल हस्ताक्षर अभियान का होगा आगाज

जनएक्सप्रेस, अयोध्या: अयोध्या में स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान के अवध प्रांत सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विचार प्रमुख, राजीव कुमार ने बताया कि 12 जनवरी 2024 से उद्यमिता आयोग के गठन को लेकर डिजिटल हस्ताक्षर अभियान शुरू होगा। यह अभियान देश के 500 जिलों में चलाया जाएगा और इसमें एक करोड़ से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा।
उन्होंने युवाओं की मानसिकता नौकरी से उद्यम की ओर बदलने पर जोर दिया। राजीव कुमार ने जैविक उद्यमिता, जिला-आधारित उद्योगों के प्रचार और नई शिक्षा नीति में उद्यमिता को शामिल करने के विषय पर भी चर्चा की। उन्होंने घटती प्रजनन दर (TFR) पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हंगरी, कोरिया और जापान जैसे देशों में युवाओं की संख्या कम होने की समस्या है। उन्होंने भारत में प्रजनन दर को दो से ऊपर बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महंतों और प्रांत प्रमुखों ने किया संबोधित
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राम आश्रम अयोध्या के महंत जय रामदास और विशिष्ट अतिथि रामजानकी जायसवाल मंदिर अयोध्या के महंत श्यामसुंदर दास थे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता अयोध्या महानगर संघ संचालक विक्रमा प्रसाद पांडे ने की। कार्यक्रम में अनुपम, क्षेत्र संयोजक पूर्वी उत्तर प्रदेश, अमित, प्रांत समन्वयक स्वावलंबी भारत अभियान अवध, और हर्षवर्धन, प्रांत सह समन्वयक, समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
चार सत्रों में हुई चर्चा
सम्मेलन को चार सत्रों में विभाजित किया गया। दूसरे सत्र में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया की भूमिका पर चर्चा हुई। तीसरे सत्र में आनुषांगिक संगठनों जैसे अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा, मजदूर संघ और सेवा भारती ने स्वावलंबी भारत अभियान को और आगे ले जाने का संकल्प लिया। चौथा सत्र स्वदेशी जागरण मंच के आगामी कार्यों को समर्पित रहा। कार्यक्रम में सौ से अधिक लोगों ने भाग लिया और इसे सफल बनाने में विभिन्न संगठनों और कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।