विद्यालय में शिक्षिका पर छात्राओं के उत्पीड़न का आरोप, अभिभावकों ने लगाई न्याय की गुहार

जन एक्सप्रेस/अमेठी: कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, बसंतपुर (थाना बाजार शुकुल) में छात्राओं ने शिक्षिका पर गंभीर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। इस प्रकरण को लेकर छात्राओं एवं अभिभावकों ने पुलिस और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय की कक्षा 6वीं, 7वीं एवं 8वीं में पढ़ने वाली छात्राओं को शिक्षिका अनीता देवी द्वारा लगातार डांटा-फटकारा जाता है और गाली-गलौज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। आरोप है कि शिक्षिका छात्राओं को बेवजह दोषी ठहराते हुए कई बार कक्षा से बाहर कर देती हैं, जिससे छात्राओं के मन में भय व्याप्त है।परिजनों ने बताया कि शिक्षिका के व्यवहार के कारण विद्यालय में पढ़ने वाली कई बच्चियां मानसिक रूप से परेशान हो चुकी हैं और पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पा रही हैं। वहीं, छात्राओं ने भी लिखित रूप से विद्यालय प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है।परिजन बताते हैं कि विद्यालय में शांति पूर्ण वातावरण बनाए रखने की जिम्मेदारी शिक्षक-शिक्षिकाओं की होती है, मगर यहां स्थिति इसके उलट है। छात्राओं का कहना है कि शिक्षिका की कठोरता और अपमानजनक व्यवहार से वे पढ़ाई छोड़ने तक पर मजबूर हो रही हैं।अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषी शिक्षिका पर उचित कार्रवाई की जाए, जिससे बच्चियों को सुरक्षित और अनुकूल माहौल मिल सके।






