
जन एक्सप्रेस/नैनीताल(उत्तराखंड) : राजभवन नैनीताल में आयोजित ‘एक शाम सैनिकों के नाम’ कार्यक्रम उस समय बेहद भावुक क्षणों में तब्दील हो गया, जब मंच से वीर हवलदार जुगेंद्र सिंह का नाम पुकारा गया। देश की रक्षा में अदम्य साहस का परिचय देने वाले इस सपूत की वीरता को सलाम करते हुए राज्यपाल ने उनकी माता कौशल्या बाई को प्रशंसा पत्र सौंपा।
हवलदार जुगेंद्र सिंह के माता-पिता, नेकचंद्र और कौशल्या बाई, साधारण वेशभूषा में मंच पर पहुंचे, लेकिन उनके चेहरे पर बेटे की बहादुरी का गर्व साफ झलक रहा था। जैसे ही कौशल्या बाई ने राज्यपाल के हाथों प्रशंसा पत्र ग्रहण किया, सभा तालियों से गूंज उठी और हर आंख सम्मान से झुक गई।
देश सेवा में निभाई वीरता की भूमिका
12 सितंबर 2023 को जम्मू में हुए एक ऑपरेशन के दौरान हवलदार जुगेंद्र सिंह ने अपनी टीम के स्क्वाडन कमांडर के रूप में नेतृत्व करते हुए अद्वितीय साहस का प्रदर्शन किया था। उन्होंने दो आतंकियों को मार गिराया और मिशन को सफलता दिलाई। इस वीरता के लिए उन्हें 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस पर “मेंशन इन डिस्पैच” सम्मान से नवाज़ा गया।
“बेटे ने हमारा सीना गर्व से चौड़ा कर दिया”
आयोजन के बाद विशेष बातचीत में जुगेंद्र के माता-पिता ने कहा, “हमारे बेटे ने देश की सेवा कर हमारे परिवार को गौरवान्वित किया है। उसके इस सम्मान ने हमारे सीने को गर्व से चौड़ा कर दिया है।”
राजभवन में आयोजित इस कार्यक्रम ने जहां वीरता को सलामी दी, वहीं यह पल हर उस परिवार के लिए प्रेरणा बन गया, जिसने देश सेवा में अपने सपूतों को समर्पित किया है।






