बेकाबू डंपर ने दरोगा को कुचला, दर्दनाक मौत
दरोगा की दर्दनाक मौत से पुलिस महकमे में शोक

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना इलाके में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में महिला थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सुबह लगभग 8:30 बजे सराय वीरभद्र गांव के पास हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक बेकाबू अज्ञात डंपर दरोगा को कुचलते हुए मौके से भाग निकला। दरोगा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दरोगा महानंद त्रिपाठी चित्रकूट जनपद के रहने वाले थे और वर्तमान में जिले के महिला थाने में एसआई पद पर तैनात थे। रविवार सुबह हादसे के समय वह ड्यूटी से संबंधित कार्य के लिए जा रहे थे कि तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर की चपेट में आ गये। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद वाहन समेत फरार हो गया। सहायक पुलिस अधीक्षक ( सीओ सिटी ) प्रशांत राज ने बताया कि अज्ञात डंपर ने दरोगा को टक्कर मारा है जिसमें उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है। डंपर की तलाश की जा रही है। सुबह सुबह हुए इस हादसे से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।






