चित्रकूट में बोले PCI सदस्य अरुण कुमार त्रिपाठी- पत्रकार उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा, समस्याएं प्रेस काउंसिल में उठेंगी

जन एक्सप्रेस / चित्रकूट चित्रकूट के पुराने सर्किट हाउस (निरीक्षण भवन) में शुक्रवार को प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) के सदस्य अरुण कुमार त्रिपाठी ने जिले के पत्रकारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पत्रकारों की समस्याओं, सुरक्षा और पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिले के पत्रकारों ने मेडिकल सुविधा, पत्रकार पेंशन, सुरक्षा व्यवस्था, पत्रकार सम्मान निधि तथा पत्रकार मान्यता से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। साथ ही पत्रकारों पर दर्ज किए जा रहे फर्जी मुकदमों और उत्पीड़न के मामलों को भी गंभीर चिंता का विषय बताया गया।
पत्रकारों की समस्याओं को सुनने के बाद प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारों द्वारा रखे गए सभी सुझावों और समस्याओं को आगामी प्रेस काउंसिल की बैठक में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्रकार उत्पीड़न किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रेस काउंसिल इस विषय को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एवंनिष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की आधारशिला है और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। पत्रकार मान्यता से जुड़े मामलों को भी उच्च स्तर पर उठाने का आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी सहित जिले के लगभग आधा सैकड़ा पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पत्रकारों ने एकजुट होकर अपनी समस्याएं रखीं और प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया से प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई।




