utrakhandउत्तरकाशी

देहरादून में सीएम धामी से मिले पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, गंगोत्री में चुनावी समीकरण तेज

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही गंगोत्री विधानसभा की सियासत में हलचल तेज हो गई है। गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने आज देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।
सजवाण ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया है, लेकिन समय और सियासी पृष्ठभूमि इस मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण बना रही है। विजयपाल सजवाण गंगोत्री में लंबे समय से सक्रिय हैं, घर-घर जाकर जनसंपर्क, विकास के मुद्दों और कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद में जुटे हैं। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले सीएम से उनकी मुलाकात को शुभ संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं के बीच गंगोत्री क्षेत्र के विकास, चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं, पलायन, सड़क, स्वास्थ्य और स्थानीय जन समस्याओं पर चर्चा हुई।गंगोत्री उत्तराखंड की सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील सीटों में से एक है। यहां जीत का मंत्र विकास, जनाधार और संगठन की मजबूती पर टिका है। सजवाण का व्यापक जनाधार और सीएम धामी से सीधा संवाद आगामी चुनाव में भाजपा के लिए नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।फिलहाल किसी राजनीतिक निर्णय की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इतना तय है कि इस मुलाकात ने गंगोत्री की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है और आने वाले दिनों में बड़े सियासी संकेत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button