जनता दर्शन में CM योगी सख्त, बोले- छोटी घटनाओं पर भी DM-SP रखें नजर
जनता दर्शन में CM योगी आदित्यनाथ ने छोटी से छोटी घटनाओं पर DM-SP को नजर रखने के निर्देश दिए। जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और लापरवाही पर कार्रवाई के भी निर्देश।

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार, 21 सितंबर को जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के साथ-साथ जिलों में छोटी से छोटी घटनाओं पर भी सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले लोग कई बार मामूली घटनाओं को बड़ा रूप देने का प्रयास करते हैं। ऐसे में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं छोटी से छोटी घटना पर नजर रखें। किसी घटना की सूचना मिलने पर अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित की बात सुनें और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामले का निस्तारण कराएं।
लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छोटी घटनाओं में भी उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस और राजस्व से जुड़ी शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया।उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से जनसमस्याओं के निस्तारण की समीक्षा करें। किसी मातहत अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
हर फरियादी से मिले मुख्यमंत्री
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अलग-अलग जिलों से आए फरियादियों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं। प्रशासन, पुलिस, राजस्व और बिजली समेत विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।मुख्यमंत्री ने पात्र लोगों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, जरूरतमंद मरीजों के इलाज की व्यवस्था कराने और भूमाफिया व दबंगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
बच्चे से पूछा हालचाल, चॉकलेट का किस्सा भी चर्चा में
जनता दर्शन में मां के साथ पहुंचे एक छोटे बच्चे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उसका हालचाल पूछा और यह भी जाना कि वह कहां पढ़ता है। मुख्यमंत्री ने बच्चे को चॉकलेट दी और बाद में वापस मांगने पर बच्चे ने चॉकलेट देने से इनकार कर दिया। इस पर वहां मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया।मुख्यमंत्री ने बच्चे को उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग भी मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में जनसमस्याएं सुनने और अधिकारियों को उनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश देने की जानकारी देता रहा है।




