उत्तराखंडकाशीपुर

28 लीटर कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, 750 लीटर लाहन नष्ट

जन एक्सप्रेस/काशीपुर : कोतवाली आईटीआई पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 28 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरणों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके पर करीब 750 लीटर लाहन नष्ट कराया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर अवैध शराब की तस्करी और कसीदगी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आईजीएल फैक्ट्री के सामने बेगमाबाद जाने वाले रास्ते पर रेलवे पटरी के किनारे दबिश दी। यहां शराब की कसीदगी कर रहे एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने मौके से 28 लीटर कच्ची शराब बरामद की। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे दो लोहे के ड्रम, दो मिट्टी की हांडियां, दो रबर पाइप और दो एल्युमीनियम के चौकोर पाइप बरामद किए गए। मौके पर मौजूद करीब 750 लीटर लाहन को पुलिस ने नष्ट कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनदीप सिंह (25) पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी ग्राम मुकुंदपुर, कोतवाली आईटीआई, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की के तहत केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बसंत पंत, मुख्य आरक्षी सिराज हुसैन और आरक्षी रमेश बंग्याल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button