किच्छा और सिरौलीकलां निकाय चुनाव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जन एक्सप्रेस /किच्छा :- किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंह नगर पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ पीएसी की तैनाती की गई। पुलिस कर्मियों ने मतदान केंद्रों के आसपास लगातार गश्त और चेकिंग करते हुए प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतदान केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात जवानों को किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने देने और आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं, चुनाव के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की पैनी नजर रही। अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर निगरानी रखी गई। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया कि चुनाव प्रक्रिया में खलल डालने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई।






